देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीरथ सिंह रावत को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा घोषित नई टीम में तीरथ सिंह रावत समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
तीरथ सिंह रावत का भाजपा संगठन में लंबा और महत्वपूर्ण अनुभव रहा है। वह उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्ष 2021 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं संगठनात्मक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। संगठन में उनकी लंबी पारी, कार्यकर्ताओं के बीच पकड़ और पर्वतीय क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों की समझ का लाभ भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में तीरथ सिंह रावत के साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
पौड़ी गढ़वाल से राष्ट्रीय संगठन तक
तीरथ सिंह रावत की राजनीतिक यात्रा का उत्तराखंड, विशेषकर पौड़ी गढ़वाल से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
पौड़ी टाइम्स परिवार की ओर से तीरथ सिंह रावत को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
