पौड़ी गढ़वाल। वीरभूमि पौड़ी गढ़वाल के लिए गौरव का एक और अध्याय जुड़ गया है। विकासखंड कल्जीखाल के चुरेर गांव निवासी एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गृह मंत्रालय में कमांडेंट के पद पर कार्यरत श्री अशोक सजवाण को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा “मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस” (उत्कृष्ट सेवा पदक) से सम्मानित किया गया है।
दो दशक से अधिक समय से राष्ट्रसेवा में समर्पित
श्री अशोक सजवाण ने अपनी उच्च शिक्षा डीबीएस कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की। वर्ष 2002 में सहायक कमांडेंट के रूप में सशस्त्र सीमा बल में अपनी सेवाएं शुरू करने के बाद उन्होंने दो दशकों से अधिक समय तक कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ राष्ट्रसेवा की है।
चुरेर से राष्ट्रपति सम्मान तक का गौरवपूर्ण सफर
राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान श्री सजवाण की व्यक्तिगत उपलब्धि भर नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता, परिवार, चुरेर गांव, कल्जीखाल विकासखंड और समूचे पौड़ी गढ़वाल के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि पौड़ी की वीरभूमि देश को समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों की धरती रही है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
श्री अशोक सजवाण को राष्ट्रपति से मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों, परिचितों एवं उनके समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि नई पीढ़ी के युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी।
पौड़ी टाइम्स की ओर से भी श्री अशोक सजवाण को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
