देहरादून : पौड़ी गढ़वाल जिले के पैठानी क्षेत्र के डाबरी गांव में सोमवार शाम पिकअप वैन के गहरी खाई में गिरने से छह लोगों की मौत हो गयी और आठ अन्य घायल हो गये. पीड़ित एक शादी की पार्टी का हिस्सा थे और सिलौली से लौट रहे थे
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव अभियान शुरू किया। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ितों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है और घायलों में छह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि दो का इलाज पैठानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.
सोमवार को थाना क्षेत्र पैठाणी के डोबरी गांव से एक बरात सिलोली गांव गई थी। देर शाम बरात विदाई के बाद वापस डोबरी लौट रही थी। लेकिन इसी दौरान बरातियों से भरी एक मैक्स स्योली मल्ली-टीला मोटर मार्ग पर स्योली मल्ली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में जाख गांव की एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत हो गई है।
14 लोग थे वाहन में सवार
दुर्घटनाग्रस्त वाहन बरातियों से ओवरलोड होकर चल रहा था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र रमोला ने बताया कि मैक्स वाहन में 14 बराती सवार थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरातियों से भरी मैक्स दुर्घटना में चालक अंकित (25) पुत्र प्रकाश लाल निवासी स्योली तल्ली, हयात सिंह पुत्र प्रताप सिंह सिलोली, मेहरवान सिंह पुत्र केदार सिंह सिलोली, जांख निवासी कलम की बड़ी बेटी अंबिका (18) और पांच वर्षीय दृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष रमोला ने बताया कि 108 सेवा के सहयोग से दो घायलों को सीएचसी पैठाणी व सात को सीएचसी पाबौ में भर्ती कराया गया। सीएचसी पाबौ में उपचार के दौरान मोनिका ने दमतोड़ दिया। यहां से छह घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी रेफर किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रदेश के शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री ने घायलों के उपचार को लेकर जिलाधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं।