उत्तराखंड के युवाओं के सेना में भर्ती होने के जज्बे और मुश्किलों को दर्शाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में 19 साल का एक लड़का देर रात नोएडा की सड़क पर बिना किसी परवाह के दौड़ रहा था । उत्तराखंड मूल के फिल्म निर्माता और राष्ट्रीय पुरुस्कार जीत चुके विनोद कापड़ी ने उन्हें कार से घर छोड़ने की पेशकश की, लेकिन लड़के ने बार-बार अनुरोध करने के बावजूद मना कर दिया। कापड़ी ने इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया है। फिर क्या था, सोशल मीडिया पर युवाओं के हौसले की तारीफ करने वालों की बाढ़ आ गई।
गांव से दूर शहर में तमाम मुश्किलों के बीच लड़का चेहरे पर मुस्कान लिए सड़क पर दौड़ रहा है । उनके चेहरे पर कोई शिकन नहीं है। फिल्म निर्माता विनोद कापड़ी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि रात के 12 बजे उन्होंने इस लड़के को कंधे पर बैग लिए बेहद तेज दौड़ते देखा । उन्होंने लिखा, अगर आप उनके दौड़ने की वजह सुनेंगे तो आपको इस लड़के से प्यार हो जाएगा। वीडियो में कापड़ी लड़के को लिफ्ट देना चाहते है, लेकिन लड़का मना कर देता है और कहता है कि वह दौड़ता चला जाएगा । फिर पूछने पर वह बताता है कि वह सेक्टर 16 में मैकडॉनल्ड्स में काम करता है। कार सवार कापड़ी फिर लिफ्ट देने की पेशकश करते है, लेकिन लड़का कहता है कि उसे दौड़ने का समय यही मिलता है, वह ऐसे ही चला जाएगा। कारण पूछने पर लड़का कहता है, मैं सेना के लिए दौड़ रहा हूं। नाम पूछने पर लड़का दौड़ते हुए प्रदीप मेहरा नाम बताता है। बताता है कि वह अल्मोड़ा उत्तराखंड का रहने वाला है। कापड़ी कहते हैं सुबह दौड़ो, मैं अब कार छोड़ता हूं। लड़का कहता है, उसे सुबह जल्दी ड्यूटी पर जाना है और खाना भी बनाना है। फिर कापड़ी कुमाऊँनी में पूछते हैं, इजा-बाऊजू का चान (माता-पिता कहाँ हैं)? जवाब में लड़का कहता है, मां का इलाज चल रहा है, वह अस्पताल में है।
तब प्रदीप पहाड़ी में कहता है, मैं यहां अपने भाई के साथ रहता हूं। सेक्टर 16 से बरोला तक रोजाना 10 किमी दौड़ता है। यह सुनकर कापड़ी लड़के के साहस की प्रशंसा करते है। कापड़ी ने लड़के को अपने घर जाकर खाना खाने को कहा तो लड़का जवाब देता है कि उसका बड़ा भाई भूखा रहेगा। वह अब घर जाकर खाना बनाएगा। क्योंकि भाई नाइट ड्यूटी पर गया है। कापड़ी आखिरी तक लिफ्ट देने के लिए कहते हैं, लेकिन लड़के ने मना कर दिया। कहते हैं उसकी रोज की दिनचर्या है। कापरी कहते हैं प्रदीप, तुम अद्भुत हो। उनका कहना है कि यह वीडियो वायरल हो जाएगा। इस पर प्रदीप हंसते हुए कहते हैं कि मुझे कौन देखेगा और मैं कुछ गलत थोड़ी ना कर रहा हूं। इस पर कापड़ी प्रदीप का हौसला बढ़ाते हैं।