राजग की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मुर्मू शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगी। भावी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री ने कहा कि मां राष्ट्रपति बनने जा रही हैं, यह अविश्वसनीय लग रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अर्जुन राम मेघवाल और डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा भाजपा नेता मनोज तिवारी ने मुर्मू का स्वागत किया। इसके बाद वे पीएम मोदी से मिलने उनके निवास पर गईं। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उनके राष्ट्रपति पद के नामांकन को समाज के सभी वर्गों ने पूरे देश में सराहा है। जमीनी समस्याओं और भारत के विकास के लिए उनकी समझ उत्कृष्ट है।’