नये राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह 25 जुलाई को होगा. राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुई मतगणना में द्रौपदी मुर्मू ने रिकॉर्ड मत हासिल कर विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) को हराया.
राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने कुल 6,76,803 मतों के साथ जीत दर्ज की है. उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को कुल 3,80,177 वोट मिले.
द्रौपदी मुर्मू के 64.03 फीसदी मतों के साथ चुनाव जीतने की आधिकारिक घोषणा की गई. वहीं यशवंत सिन्हा को कुल वैध मतों के 36 फीसदी वोट मिले. मुर्मू को 540 सांसदों सहित कुल 2824 मतदाताओं के वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सिन्हा को 208 सांसदों सहित 1,877 मतदाताओं के वोट मिले.
राष्ट्रपति चुनाव के दौरान द्रौपदी मुर्मू को सभी राज्यों में वोट मिले. विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को तीन राज्यों- आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में वोट नहीं मिला.
आंध्र प्रदेश के सभी विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया, जबकि अरुणाचल प्रदेश में उन्हें चार को छोड़कर सभी विधायकों के मत मिले.
निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “द्रौपदी मुर्मू के भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.”
राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि, “हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी. मैं देशवासियों के साथ उन्हें शुभकामनाएं देता हूं.”
द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से ताल्लुख रखती हैं. 64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू के रूप में देश को पहला आदिवासी राष्ट्रपति मिला है. इसके अलावा द्रौपदी मुर्मू देश की सबसे युवा राष्ट्रपति भी बनी हैं. वे 2015 से 2021 तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य कर चुकी हैं. तब द्रौपदी मुर्मू को झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनने का गौरव भी प्राप्त हुआ था. वे देश की राष्ट्रपति बननी वाली दूसरी महिला हैं और ओडिशा से राष्ट्रपति बनने वाली पहली शख्सियत हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर बधाई देते हुए कहा कि आदिवासी समुदाय की एक बेटी के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के साथ ही भारत ने इतिहास लिखा है. द्रोपदी मुर्मू की जिंदगी, मिसाल कायम करने वाली, उनकी कामयाबी हर भारतीय को प्रेरित करेगी, वह नागरिकों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरी हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित तमाम मंत्रियों, नेताओं ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी विजय भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन सहित कई विपक्षी नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी.