बेंगलुरु – सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने बुधवार को बेंगलुरु में चल रहे एयरो इंडिया शो का दौरा किया। इस दौरान वह भारत के घरेलू रक्षा उत्पादन पेवेलियन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कटिंग एज रिसर्च और नई तकनीक पर फोकस करने के निर्देश दिए। आर्मी चीफ जनरल मनोज पांडे ने भी आज एयरो इंडिया शो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना द्वारा किए जा रहे अविष्कारों को देखा। सेना के अधिकारियों ने सेना प्रमुख को विभिन्न उत्पादों और उनके इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। आर्मी चीफ को कर्नल विजय पांडेय और कर्नल कुमार धर्मवीर ने सेना द्वारा किए गए अविष्कारों जैसे टूटे हाथ के इलाज के लिए एक्सटर्नल फिक्सेटर और त्रिशूल लिंक डिवाइस के बारे में जानकारी ली।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को जानकारी दी कि एयरो इंडिया शो के दौरान 250 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की तरफ बढ़ रहा है। रक्षा उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए घरेलू डिमांड भी होनी चाहिए। रक्षा उद्योग में भारतीय वेंडर्स की कैपिटल अधिग्रहण को अपग्रेड कर 75 फीसदी किया गया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि एयरो इंडिया से पूरी दुनिया को पता चला है कि भारत का रक्षा उद्योग ना सिर्फ सक्षम है बल्कि वैश्विक रक्षा उद्योग से भी कदमताल करने के लिए तैयार है। बता दें कि एम्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड के सीएमडी रविकांत ने बताया है कि उन्हें भारतीय सुरक्षाबलों की तरफ से 10 लाख मल्टी मोड ग्रेनेड का ऑर्डर मिला है। साथ ही 3000 करोड़ रुपए से ज्यादा के निर्यात ऑर्डर भी मिले हैं। बेंगलुरू में 13 फरवरी से शुरू हुआ 14वां एयरो इंडिया शो पांच दिन तक चलेगा। इस आयोजन में 80 से ज्यादा देश और 800 से ज्यादा रक्षा कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इनमें से 100 विदेशी और 700 भारतीय हैं। शो के उद्घाटन में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के रक्षा निर्यात को 1.5 अरब डॉलर से बढ़ाकर 5 अरब डॉलर करने की योजना का एलान किया।