नई दिल्ली – भारत इस साल जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। भारत ने बाली में वार्षिक शिखर सम्मेलन में प्रभावशाली समूह जी20 की अध्यक्षता ग्रहण की थी। ये अध्यक्षता 1 दिसंबर 2022 से 30 नवंबर 2023 तक भारत के पास है। आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजधानी दिल्ली में Y20 समिट इंडिया के कर्टेन रेजर इवेंट में Y20 समिट की थीम, लोगो और वेबसाइट लॉन्च की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन युवाओं और विश्व को हमारे विकास के तरीके को आकार देने के लिए समान रूप प्रदान करता है। मुझे आशा है कि आप हमें शिक्षित करने के लिए Y20 अवसर का उपयोग करेंगे।
राजधानी दिल्ली में Y20 समिट इंडिया के कर्टेन रेजर इवेंट को दो सत्रों में बांटा गया है। पहले सत्र में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने Y20 के लोगो , वेबसाइट और थीम का विमोचन किया। वहीं, दूसरे सत्र में पैनल डिस्कशन हुआ। ये पैनल चर्चा इस बात पर आधारित थी कि कैसे भारत एक महाशक्ति बनने के लिए अपनी युवा आबादी का दोहन कर सकता है। साथ ही इसमें पैनलिस्टों की व्यक्तिगत सफलता के पहलू पर भी चर्चा की गई।