भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर.बल्लेबाज ऋषभ पंत को उत्तराखंड सरकार ने राज्य का एंबेसडर बनाया है। उन्हें उत्तराखण्ड में खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खुद उन्हें वीडियो कॉल पर इस बात की जानकारी दी। इस पर ऋषभ पंत ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया। पंत फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में टीम इंडिया के साथ हैं।
वीडियो क्लिप शेयर करते हुए उत्तराखंड के सीएम ने लिखा। भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक। युवाओं के आदर्श और उत्तराखंड के बेटे ऋषभ पंत को सरकार ने राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। हमारे इस फैसले का उद्देश्य राज्य के युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
हाल ही में भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में पंत ने टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थिति से उबारते हुए शतक जड़ा। दक्षिण अफ्रीका में किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा लगा यह पहला शतक है। इससे पहले वे ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में भी टेस्ट शतक जमाने वाले एकमात्र भारतीय विकेटकीपर का तमगा हासिल कर चुके हैं। अब एशिया के बाहर उनकी तीन शतकें हो गई हैं। जो भारतीय विकेटकीपरों द्वारा एशिया के बाहर लगाई गई कुल शतकों की आधी हैं।
ऋषभ पंत का जन्म हरिद्वार में हुआ था। उन्होंने बाद में घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया। पंत से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉल पर बातचीत की और उनका हाल.चाल जाना। सीएम ने यह भी पूछा कि वह उत्तराखंड कब आएंगे। पुष्कर सिंह धामी ने एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किया है।